हजारीबाग: पेलावल पुलिस ने 169 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन धंधेबाजों को किया गिरफ्तार


हजारीबाग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के पेलावल ओ.पी. क्षेत्र के पबरा गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 169 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों और एक महिला सप्लायर समेत कुल तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को 14 मई 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि पबरा गांव में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।


जंगल से हुई गिरफ्तारी छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पबरा गांव के बोंगा रोड स्थित जंगल में दबिश दी। वहां से पुलिस ने अविनाश कुमार (ग्राम पबरा) और संदीप कुमार उर्फ निक्की (ग्राम हदारी, ईचाक) को 169 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्हें नशे की यह खेप किरण कुमारी उर्फ काजल कुमार (पति दीपक कुमार मेहता) द्वारा सप्लाई की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।


जप्त सामग्री और आपराधिक इतिहास पुलिस ने आरोपियों के पास से 169 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार उर्फ निक्की का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ईचाक थाना में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत दो मामले (कांड संख्या 164/2025 और 31/2026) दर्ज हैं।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी इस सफल अभियान में एएसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ अमित आनंद (IPS), पेलावल ओ.पी. प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, ईचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार और लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने कटकमसांड़ी (पेलावल) थाना में कांड संख्या 70/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।