हजारीबाग की वरदा खंडेलवाल ने सीबीएसई 12वीं कॉमर्स में 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का नाम किया रोशन


हजारीबाग। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं परीक्षा में एंजेल्स स्कूल की मेधावी छात्रा वरदा खंडेलवाल ने कॉमर्स संकाय में 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की है। व्यवसायी अनिल खंडेलवाल उर्फ बंटी एवं गीता खंडेलवाल उर्फ बबली की पुत्री वरदा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

परिणाम घोषित होते ही परिवार, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। दादी सावित्री देवी ने पोती को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। घर में पूरे दिन बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

उल्लेखनीय है कि वरदा ने 10वीं कक्षा में भी बेहतर अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। पढ़ाई के साथ-साथ संगीत के क्षेत्र में भी उनकी विशेष रुचि है और वह कई बड़े मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं।

अपनी सफलता पर वरदा ने कहा कि यह उपलब्धि माता-पिता, शिक्षकों एवं पूरे परिवार के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय की निर्देशिका निशा जायसवाल सहित सभी शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन की विशेष सराहना की।