डीपीएस हजारीबाग के पहले ही 12वीं बैच ने रचा इतिहास, 100 प्रतिशत रिजल्ट से जिले का बढ़ाया मान


हजारीबाग के शंकरपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं की बोर्ड परीक्षा के अपने पहले ही बैच में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। सोमवार को जारी परिणामों में विद्यालय के सभी 28 परीक्षार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर शत-प्रतिशत सफलता का कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय का औसत परिणाम 84.15 प्रतिशत रहा जो संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को प्रमाणित करता है। इस गौरवपूर्ण परिणाम में विज्ञान संकाय की कुमारी तान्या ने 96.2 प्रतिशत और उदी राज ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया। वहीं वाणिज्य संकाय में आयुष गुप्ता ने 96.2 प्रतिशत और श्वेता यादव ने 94.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

उल्लेखनीय है कि विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक और छह विद्यार्थियों ने 90 से 95 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए हैं। इसके अतिरिक्त दर्जनों विद्यार्थियों ने 75 से 90 प्रतिशत की श्रेणी में आकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। प्रथम बैच की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में अत्यंत हर्ष और उत्साह का माहौल व्याप्त है। विद्यालय की निदेशिका निशा जायसवाल ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति संस्थान के समर्पण का परिणाम है। निदेशिका ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि विद्यालय भविष्य में भी शैक्षणिक स्तर को इसी प्रकार बनाए रखेगा ताकि विद्यार्थी जीवन के हर क्षेत्र में सफल हो सकें। विद्यालय की प्रधानाचार्य राजकमल ने भी सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए मंगलकामना की है।