हजारीबाग में IG स्तर की बड़ी बैठक, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश


पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में उत्तरी छोटा नागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक श्री शैलेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बोकारो जोन के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए, जहां जिले में अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में पुलिस उप-महानिरीक्षक ऊ0छो0 क्षेत्र हजारीबाग श्री अंजनी कुमार झा, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग श्री अमन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद श्री प्रभात कुमार, पुलिस अधीक्षक बोकारो श्री नाथू सिंह मीणा, पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉक्टर विमल कुमार, पुलिस अधीक्षक रामगढ़ श्री मुकेश लुनायत, पुलिस अधीक्षक चतरा श्री अनिमेष नैथानी, पुलिस अधीक्षक कोडरमा श्री कुमार शिवाशीष, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय हजारीबाग श्री अमित कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर हजारीबाग श्री अमित आनंद शामिल रहे।

बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। विगत 6 माह में घटित सभी महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया। विशेष रूप से महिला अपराध से जुड़े लंबित मामलों को 60 दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

नक्सल से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन करने, जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को तेज करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही, जिले में प्रतिदिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

स्कूल और कॉलेज के आसपास संचालित दुकानों में ड्रग्स के खिलाफ छापेमारी करने तथा नशे के कारोबार में शामिल गिरोहों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ऐसे गिरोहों पर CCA के तहत कार्रवाई करने की बात कही गई।

सोशल मीडिया की सतत मॉनिटरिंग करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा संगठित अपराध, अवैध खनन और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ CCA एवं NSA के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।