हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रबंधन की संवेदनहीनता इस कदर बढ़ गई है कि भीषण गर्मी के बावजूद बिजली कटते ही पूरा अस्पताल अंधेरे और उमस की आपेट में आ जाता है। बिजली गुल होने से पीएसए ऑक्सीजन प्लांट ठप पड़ जाता है, जिससे मरीजों की ऑक्सीजन सप्लाई तक बाधित हो रही है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल की विडंबना यह है कि जहां डॉक्टरों और बाबुओं के कमरों में लगे एसी सुचारू रूप से चल रहे हैं, वहीं मरीजों के वार्डों में लगे 95 प्रतिशत एसी बंद पड़े हैं। उदाहरण स्वरूप अकेले मेटरनिटी वार्ड में 7 एसी लगे हुए हैं लेकिन एक भी काम नहीं कर रहा है। वार्डों में लगे पंखों की गति इतनी धीमी है कि तीमारदार घरों से टेबल फैन लाने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं वार्ड फुल होने पर बरामदे में इलाज करा रहे मरीजों के लिए पंखे तक की व्यवस्था नहीं है और पेयजल के लिए लोग भटक रहे हैं क्योंकि ट्रामा सेंटर के बाहर को छोड़कर अधिकांश आरओ खराब पड़े हैं।
इस गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और परिजनों का हाल जानकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुकरण पूर्ति से दूरभाष पर कड़ा ऐतराज जताया और तत्काल सुधार का आग्रह किया। अधीक्षक द्वारा डीजल की अनुपलब्धता का कारण बताया गया। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल में उच्च क्षमता के सोलर पैनल और तीन-तीन जनरेटर होने के बावजूद प्रबंधन की निष्क्रियता के कारण मरीजों को तड़पने के लिए छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर डीजल नहीं मिल रहा है थे उन्हें जिले के वरीय अधिकारियों के माध्यम से संबंधित पम्म संचालक या संबंधित तेल कंपनियों से संपर्क साधना चाहिए था लेकिन संभवतः ऐसा नहीं किया गया। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से इस ज्वलंत मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अस्पताल में अधिष्ठापीत उच्च गुणवत्ता के सोलर पैनल को ठीक कराने और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि असहाय मरीजों को इस नरकीय स्थिति से राहत मिल सके। रंजन चौधरी ने हजारीबाग उपायुक्त को ट्वीट के माध्यम से इस मामले की जानकारी देते हुए उनसे हस्तक्षेप करते हुए संज्ञान लेने का आग्रह किया है ।
सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल की इस स्थिति की जानकारी सांसद मनीष जायसवाल को दे दी है। जल्द ही स्वास्थ्य विभाग और जिले के उच्चाधिकारियों से इस संबंध में सांसद मनीष जायसवाल संपर्क करेंगे, ताकि मरीजों को तत्काल राहत मिल सकें ।
