विश्व मलेरिया दिवस पर प्रभात फेरी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिला भी.बी.डी. कार्यालय, हजारीबाग के द्वारा आज एक जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

यह प्रभात फेरी कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए झंडा चौक तक गई तथा पुनः कार्यालय परिसर में आकर इसका समापन हुआ। रैली में शहरी क्षेत्रों की सहिया कार्यकर्ता एवं ए.एन.एम.टी. स्कूल की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, हजारीबाग ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार होने पर मलेरिया की जांच अवश्य कराएं।

जिला भी.बी.डी. पदाधिकारी डॉ. कपिलमुनि प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि मलेरिया मुख्यतः मादा मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, अत्यधिक पसीना, जी मिचलाना एवं उल्टी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मलेरिया की जांच सभी सरकारी अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में निःशुल्क उपलब्ध है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस अवसर पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता, चित्रांकन, प्रश्नोत्तरी एवं ग्राम स्तर पर ग्राम सभा का आयोजन शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राहुल (चिकित्सा पदाधिकारी), जिला कार्यक्रम प्रबंधक, कार्यक्रम समन्वयक, शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक, जिला भी.बी.डी. कार्यालय के मलेरिया निरीक्षक, लिपिक एवं अन्य कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।