उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज जनता दरबार का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में दारू प्रखंड की निवासी सुशीला कुमारी ने अपने पति की मृत्यु के उपरांत उत्पन्न आर्थिक कठिनाइयों के मद्देनज़र अपने ससुर के किडनी उपचार एवं रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें स्पॉन्सरशिप योजना, विधवा पेंशन, राशन कार्ड, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना एवं आयुष्मान कार्ड योजना से शीघ्र जोड़ा जाए।
इसी क्रम में दारू निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका विद्यावती कुमारी ने सेवानिवृत्ति के उपरांत स्थानांतरण अनुदान की बकाया राशि के भुगतान हेतु आवेदन दिया। इस पर उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को 7 दिनों के भीतर जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।
खिरगांव निवासी पाचू साव द्वारा भूमि के रैयतीकरण एवं मालगुजारी रसीद निर्गत करने के संबंध में आवेदन दिया गया। इस मामले में उपायुक्त ने खास महल पदाधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
वहीं हजारीबाग कोलघट्टी निवासी आयुष सिन्हा ने दिव्यांगता के कारण आवागमन में असमर्थता जताते हुए ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर उपायुक्त ने समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
जनता दरबार में इसके अतिरिक्त भू-मापी, म्यूटेशन, पारिवारिक बंटवारा, आवास योजना, पेयजल समस्या सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है तथा सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता के साथ मामलों का निष्पादन करें।
