
हजारीबाग- 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की जयंती के अवसर पर गुरुवार को हजारीबाग सर्किट हाउस के समीप माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर महानायक को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कार्यक्रम में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वीर कुंवर सिंह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान सेनानी थे, जिनका जीवन साहस, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों और वृद्धावस्था में भी जिस अदम्य साहस के साथ उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष किया, वह आज भी राष्ट्रभक्ति की एक अमिट मिसाल है। 1857 का स्वतंत्रता संग्राम भारत के इतिहास का वह महत्वपूर्ण अध्याय है, जिसमें वीर कुंवर सिंह की भूमिका अत्यंत प्रेरणादायी रही। मुन्ना ने आगे कहा कि आज के समय में भी उनके सिद्धांत—समानता, न्याय, साहस और राष्ट्रीय एकता पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को आत्मसात कर ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने इसे केवल एक औपचारिक आयोजन न मानते हुए संकल्प का अवसर बताया और कहा कि जनसेवा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ना ही सच्चे अर्थों में महानायक को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने भी वीर कुंवर सिंह के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।