हजारीबाग यूथ विंग की सराहनीय पहल, स्कूली बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


हजारीबाग:
सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए हजारीबाग यूथ विंग ने सखी सेतु की कृतिका शाह के विशेष सहयोग से स्कूली बालिकाओं के बीच सेनेटरी पैड वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।

सखी सेतु, कृतिका शाह द्वारा शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यालयों में डिजिटल अंतर को कम करना है। इसके साथ ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कई दर्जन स्कूली छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। साथ ही उन्हें मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सही उत्पादों के उपयोग और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर संस्था की कार्यकारिणी सदस्य सेजल सिंह ने कहा कि बदलते समय के साथ जागरूकता बढ़ना बेहद जरूरी है, लेकिन आज भी समाज के कई हिस्सों में इस विषय पर खुलकर चर्चा नहीं हो पाती, जिससे बालिकाएं सही जानकारी से वंचित रह जाती हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी सही जानकारी व स्वच्छता अपनाना हर बालिका के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में लायंस क्लब 322 ए की सुधा वर्मा सहित कई सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। क्लब के सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं करण जायसवाल के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं से अपील की गई कि वे इस विषय पर खुलकर बात करें और अन्य लोगों को भी जागरूक करने में अपनी भागीदारी निभाएं।

हजारीबाग यूथ विंग ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रखने का संकल्प लिया है।