हजारीबाग में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार (भाoपुoसेo) ने जिले के कई महत्वपूर्ण थानों का औचक निरीक्षण किया।
औचक निरीक्षण के दौरान एसपी अमन कुमार सबसे पहले सदर थाना, कोर्रा थाना और लोहसिंघना थाना पहुंचे, जहां उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों और कार्य प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में विधि व्यवस्था हर हाल में सुदृढ़ रहनी चाहिए और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
इसके बाद एसपी ने मुफ्फसील थाना और बड़ा बाजार ओपी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने थाना एवं ओपी प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी अमन कुमार ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करें, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यह औचक निरीक्षण साफ संकेत देता है कि हजारीबाग पुलिस कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
