अग्निशमन जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों में मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अग्निशमन जागरूकता अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में आग से बचाव एवं अग्निशमन यंत्रों के प्रयोग को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में वीणा अस्पताल, क्षितिज अस्पताल, चितपूर्णी स्टील चरही, मल्टी एग्रोवेट राइस मिल एवं फ्लोरिस्टटा हाउसिंग सोसायटी में फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, सुरक्षित निकासी एवं अग्निशमन यंत्रों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

अभियान के तहत कैनेरी हिल होटल के कर्मियों को भी आग से बचाव के उपायों एवं अग्निशमन यंत्रों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं V2 मॉल, हजारीबाग में आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा एवं नियंत्रण के संबंध में जागरूक किया गया।

शैक्षणिक संस्थानों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें नमन विद्या, हजारीबाग में छात्र-छात्राओं के बीच फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सिटी स्टाइल,मटवारी में भी अग्निशमन यंत्रों के उपयोग एवं आग से बचाव की जानकारी दी गई।

इसी कड़ी में सेंट जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग में अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा दो मिनट का मौन रखकर अग्निकांड में शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

यह जागरूकता अभियान लगातार एक सप्ताह तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को आग से बचाव एवं नियंत्रण के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा आपात स्थिति में घबराने के बजाय प्रशिक्षित तरीके से कार्रवाई करें, जिससे जन-धन की क्षति को न्यूनतम किया जा सके।