एंजल्स हाई स्कूल का शानदार रिजल्ट: आयुषी कुमारी बनी टॉपर, 98.2% अंक


केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में स्थानीय बड़कागांव रोड, शंकरपुर स्थित एंजल्स हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की है। पिछले 12 वर्षों में लगातार पाँच बार जिला टॉपर देने का गौरव प्राप्त करने वाले इस विद्यालय की आयुषी कुमारी ने इस वर्ष 98.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। आयुषी की इस उपलब्धि ने विद्यालय की स्वर्णिम सफलता में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

परीक्षा परिणाम में आयुषी कुमारी के प्रथम स्थान के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों ने भी अंकों की झड़ी लगा दी है। आलिया फातिमा ने 96.8% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि शांभवी प्रज्ञा 96.6% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार रुद्र सिंह ने 96.2%, अभिनव राज ने 95.8%, राजश्री ने 95.6%, स्वरमिन रंजन ने 95.0% तथा आदर्श गुप्ता ने 95.0% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय का कुल औसत परिणाम 80% रहा, जो यहाँ की उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली और अनुशासन को दर्शाता है।

अंकों के विश्लेषण पर गौर करें तो इस वर्ष विद्यालय के 61 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। साथ ही 85% से 90% के बीच 36 विद्यार्थी, 80% से 85% के बीच 28 विद्यार्थी, 75% से 80% के बीच 34 विद्यार्थी और 70% से 75% के बीच 30 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 51 विद्यार्थियों ने 70% से कम अंक प्राप्त किए। विद्यालय की इस सामूहिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए निदेशिका निशा जायसवाल और प्राचार्या शिखा अग्रवाल ने समस्त विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि का श्रेय दिया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम बच्चों के कठिन परिश्रम और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का प्रतिफल है। प्रबंधन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल और मंगलमय भविष्य की मंगलकामना की है।