हजारीबाग सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हजारीबाग यूथ विंग के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मंगलवार को सांसद मनीष जायसवाल के हाथों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांसद सेवा कार्यालय परिसर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में संस्था के कार्यों की जमकर सराहना की गई और हजारीबाग यूथ विंग के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सांसद मनीष जायसवाल को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।वही कार्यक्रम का संचालन सचिव रितेश खण्डेलवाल ने किया। इसके पश्चात श्री जायसवाल ने संस्था के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान विशेष रूप से 13 अप्रैल को आयोजित भव्य रक्तदान शिविर एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। उल्लेखनीय है कि इस रक्तदान शिविर में हजारीबाग यूथ विंग द्वारा अब तक का सबसे बड़ा कैंप आयोजित करते हुए 326 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिससे अनेक जरूरतमंदों को जीवनदान मिला।
इस शिविर में हजारीबाग पुलिस का विशेष सहयोग रहा। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल के साथ संस्था के सदस्यों ने आगामी सामाजिक कार्यक्रमों एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। प्रदान किए गए प्रशस्ति पत्र में सांसद मनीष जायसवाल के हस्ताक्षर के साथ संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के हस्ताक्षर भी शामिल रहे, जिससे सम्मान की गरिमा और बढ़ गई। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग केवल एक दिन नहीं, बल्कि वर्ष के 365 दिन विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि यह संस्था हजारीबाग जिले की अब तक की सर्वश्रेष्ठ संस्था के रूप में उभरकर सामने आई है, जो युवाओं के समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का हर सदस्य समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। सभी के सामूहिक प्रयास से संस्था लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान संगठन के हर सदस्य के अथक परिश्रम, अनुशासन और टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है और इसी सोच के साथ आगे भी बड़े स्तर पर जनहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सचिव रितेश खण्डेलवाल,सह सचिव अभिषेक पांडे, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया,संस्था के मार्गदर्शक संजय कुमार एवं विकास केशरी, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,सत्यनारायण सिंह,प्रवेक जैन,प्रणीत जैन,रोहित बजाज,प्रमोद खण्डेलवाल,सेजल सिंह,खुशी कुमारी, प्रज्ञा कुमारी,सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी,प्रिंस कसेरा,अजीत चंद्रवंशी,सनी सलूजा,राजेश जैन, कैलाश कुमार,उदित तिवारी,शानू सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।
