हजारीबाग में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। हजारीबाग पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर जिले के विभिन्न कांडों में फरार चल रहे अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक ने किया। पूरे जिले में एक साथ कार्रवाई करते हुए कुल 69 टीमों का गठन किया गया, जिसमें 253 पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।
गठित टीमों ने जिले के अलग-अलग इलाकों में कुल 200 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और कुल 57 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इस अभियान में कानूनी कार्रवाई भी तेज रही। पुलिस ने वारंट, रिकॉल, जमानत और आत्मसमर्पण से जुड़े कुल 118 मामलों का निष्पादन किया, साथ ही 11 इश्तिहार और कुर्की की कार्रवाई भी पूरी की गई।
पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके इलाके में कोई अपराधी गिरफ्तारी के डर से छिपा हुआ है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
