
हजारीबाग यूथ विंग द्वारा 13 अप्रैल को लक्ष्मी सिनेमा हॉल सभागार में आयोजित होने वाली भव्य रक्तदान शिविर को लेकर शहर में माहौल पूरी तरह से तैयार होता नजर आ रहा है। संस्था की ओर से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान अब युद्ध स्तर पर पहुंच गया है, जिसके कारण युवाओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। रविवार को अभियान के तहत शहर के विभिन्न डिफेंस अकादमियों में विशेष संपर्क अभियान चलाया गया। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर सदस्य विवेक तिवारी ने युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि रक्तदान न सिर्फ किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है, बल्कि यह स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। इस दौरान कमांडो फिजिकल अकादमी विवेक कुमार तिवारी, वारियर डिफेंस अकादमी प्रेम कुमार मिल्खा डिफेंस अकादमी प्रीतम कुमार, हजारीबाग डिफेंस अकादमी राहुल कुमार, चैंपियन डिफेंस अकादमी मुकेश कुमार, विकास डिफेंस अकादमी विकास कुमार एवं फिजिकल डिफेंस अकादमी पंकज कुमार में जाकर युवाओं को निमंत्रण पत्र सौंपे गए और अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। सभी युवाओं को बताया गया कि रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक हेलमेट के साथ-साथ प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस पहल ने युवाओं के उत्साह को और बढ़ा दिया है। संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि संस्था का लक्ष्य इस शिविर को ऐतिहासिक बनाना है। युवाओं का जिस तरह से समर्थन मिल रहा है, उससे यह साफ है कि यह आयोजन एक नई मिसाल कायम करेगा। वहीं अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है, जिससे किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक युवा इससे जुड़ें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस शिविर को सफल बनाने में संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य पूरी मेहनत कर रहे हैं। हजारीबाग यूथ विंग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महाअभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।