उपायुक्त की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) की बैठक सम्पन्न


जिले के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कार्यरत विभिन्न कंपनियों द्वारा सीएसआर मद के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सीएसआर मद के माध्यम से जिले के जरूरतमंद समूहों के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि कंपनियां सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिले के कमजोर और वंचित वर्गों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने विशेष रूप से पीवीटीजी समुदाय के लोगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। इस क्रम में इन क्षेत्रों में शौचालय निर्माण, सामुदायिक भवन, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, पशुपालन सहित आजीविका से जोड़ने वाले कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही सभी कंपनियों को एक-एक गांव को गोद लेकर उसके समग्र विकास हेतु योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने जिले के मूक-बधिर विद्यालयों के जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने टीबी मरीजों एवं कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें पोषक आहार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कंपनियों के माध्यम से सुनिश्चित करने की बात कही।

इसके अतिरिक्त जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में हाथी हमले से प्रभावित परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से उन्हें व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।