ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर हजारीबाग में हाई लेवल पुलिस बैठक, अपराध नियंत्रण के लिए दिए गए सख्त निर्देश


हजारीबाग: 
दिनांक 12.03.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक श्री सुनील भास्कर की अध्यक्षता में बोकारो जोन के वरीय पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक ऊ0छो0 क्षेत्र हजारीबाग श्री अंजनी कुमार झा, पुलिस उप-महानिरीक्षक कोयला क्षेत्र बोकारो श्री आनंद प्रकाश, वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद श्री प्रभात कुमार, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन, बोकारो के पुलिस अधीक्षक श्री हरविंदर सिंह, गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार, रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, चतरा के पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार अग्रवाल सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सदर हजारीबाग के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री अमित आनंद, सहायक पुलिस अधीक्षक हजारीबाग श्री नागरगोजे शुभम भाऊ साहब तथा कोडरमा मुख्यालय के पुलिस उपाधीक्षक श्री रतीभान सिंह भी बैठक में मौजूद थे।

बैठक के दौरान आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं में जमानत पर रिहा अभियुक्तों तथा ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, जो पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित कर सकते हैं।

साथ ही विगत 6 महीनों में घटित महत्वपूर्ण आपराधिक घटनाओं के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जिले में लंबित जमानती और गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई को भी शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया गया। सिविल कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्रत्येक दिन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने, महिला प्रताड़ना, हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित मामलों में अविलंब कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा नशाखोरी के पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल गिरोहों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा आवश्यकता पड़ने पर सीसीए के तहत कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने, अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ CCA एवं NSA के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।