हजारीबाग रामनवमी की परंपरा पर कोई सवाल नहीं, पूर्ण वैभव के साथ बजेगा गाजा-बाजा: मनीष जायसवाल


हजारीबाग - रामनवमी के पावन अवसर पर डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने अपना रुख पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि परंपराओं के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी में पिछले 100 से ऊपर सालों से परंपरागत तरीके से जो गाजा-बाजा होता है, वह बजते आ रहा है। यह प्रश्न ही बेकार है कि डीजे बजेगा कि नहीं बजेगा। शत-प्रतिशत, हर साल जैसे होता है, वैसा ही होगा।

प्रशासनिक बंदिशों और सरकारी निर्देशों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था का मार्ग सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सरकार का अपना काम है, सरकार अपना काम करती है और जो धर्म के लोग हैं, जो धर्म का पालन करने वाले हैं, धर्म के मानने वाले लोग हैं उनका अपना धर्म है और वे उस धर्म का ही पालन करेंगे।

उन्होंने कहा कि मैं पूरी रिस्पांसिबिलिटी के साथ आपको कह सकता हूँ कि पूरे झारखंड में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में रामनवमी के उपलक्ष्य में जो गाजा-बाजा बजता है, वह पूर्ण वैभव के साथ बजेगा और रामनवमी संपन्न होगा। करोड़ों लोगों की आस्था इससे जुड़ी हुई है।