हजारीबाग यूथ विंग एवं वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रयास से जरूरतमंद को मिला रक्त


हजारीबाग शहर में इन दिनों रक्त की किल्लत के बीच सामाजिक संस्थाएं जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार सक्रिय हैं। शहर की अग्रणी सामाजिक संस्थाओं में शामिल हजारीबाग यूथ विंग एवं वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और मानव सेवा के कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।मंगलवार को एक मासूम बच्चे को अत्यंत आवश्यक रक्त की जरूरत पड़ गई। इस सूचना के बाद वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया और हजारीबाग यूथ विंग के सदस्यों ने अपने स्तर से रक्त की व्यवस्था के लिए प्रयास शुरू किया। इसी क्रम में वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने हजारीबाग के नवनिर्वाचित महापौर अरविंद कुमार राणा से रक्तदान करने की अपील की। जिसके बाद महापौर अरविंद कुमार राणा कुछ ही घंटों के भीतर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज ऑफ अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंच गए और जरूरतमंद बच्चे की जान बचाने के लिए रक्तदान किया। उनके इस सराहनीय कदम की सभी ने प्रशंसा की। इस दौरान हजारीबाग यूथ विंग के सचिव रितेश खंडेलवाल, वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सदस्य ऋषभ ऋषि, निर्मल जैन, आर खेरी सहित कई लोग मौजूद थे। रक्तदान के बाद बातचीत के दौरान महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि रक्तदान करना उन्हें हमेशा अच्छा लगता है और यह मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बताया कि अपने जीवन में वे 41वीं बार रक्तदान कर रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर किसी की जान बचाई जा सके। इस अवसर पर हजारीबाग यूथ विंग के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है, संस्था के सदस्य तत्परता के साथ आगे आकर रक्तदान करते हैं और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को हजारीबाग यूथ विंग द्वारा लक्ष्मी सिनेमा हॉल में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक युवाओं से भाग लेने की अपील करता हूं। वहीं वर्ल्ड केयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कमलेश सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है और समाज के हर सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में भाग लेना चाहिए। संस्था द्वारा सदैव सामाजिक  कार्य किए जाते हैं और सदैव किए जाएंगे।