होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु शांति समिति की बैठक आयोजित


उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अंजनी अंजन के निर्देशानुसार शनिवार को टाउन हॉल में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने विचार एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। सदस्यों ने होली पर्व को आपसी समन्वय, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने पर बल दिया।

बैठक के दौरान प्रशासन की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी नागरिक आपसी सहयोग एवं सौहार्द के साथ होली का पर्व मनाएं। किसी भी प्रकार की विकट परिस्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करना सुनिश्चित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

होली पर्व के मद्देनजर सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, गश्ती बढ़ाने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने क्षेत्र में अलर्ट एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।