हजारीबाग में पुलवामा के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, यूथ विंग ने किया भावपूर्ण कार्यक्रम


हजारीबाग - पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की  सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को हजारीबाग स्थित शहीद स्मारक स्थल पर हजारीबाग यूथ विंग द्वारा श्रद्धांजलि  किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य सहित कई गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अमर शहीदों के प्रति पुष्पअर्पित किए तथा दीप प्रज्वलित कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। पूरा वातावरण श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया। मौके पर संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि पुलवामा की घटना देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक थी, लेकिन हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर यह सिद्ध कर दिया कि राष्ट्र की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो हमें राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का मार्ग दिखाता रहेगा। हजारीबाग यूथ विंग के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हमें शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए युवा वर्ग को सदैव सजग और सक्रिय रहना होगा। शहीदों के सपनों का सशक्त और आत्मनिर्भर भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रसेवा की भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया। अंत में शहीद जवान अमर रहें और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों के साथ वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, सचिव रितेश खंडेलवाल, सहसचिव अभिषेक कुमार पांडे, संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल, डॉ. बी. वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, प्रज्ञा कुमारी सहित हजारीबाग यूथ विंग के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।