हजारीबाग - शहर के प्रतिष्ठित आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल में शनिवार को एक बार फिर बच्चों के लिए विशेष निशुल्क ओपीडी सेवा का सफल आयोजन किया गया। बदलते मौसम को देखते हुए आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और बड़ी संख्या में बच्चों ने विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरभि कुमारी ने 20 से अधिक बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के क्रम में बच्चों की लंबाई, वजन, पोषण स्तर, टीकाकरण की स्थिति तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास का आकलन किया गया। कई बच्चों में मौसमी सर्दी-जुकाम, हल्का बुखार, एलर्जी तथा संक्रमण से जुड़े लक्षण पाए गए। ऐसे मामलों में आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा अभिभावकों को विस्तृत चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
डॉ. सुरभि कुमारी ने बताया कि मौसम में हो रहे बदलाव का असर सबसे पहले बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता पर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को धूल, प्रदूषण और ठंडी हवा से बचाएं, नियमित रूप से हाथ धोने की आदत डालें, संतुलित एवं ताजा भोजन दें तथा समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। अस्पताल के निर्देशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि हर परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा पहुंचाना अस्पताल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि हर शनिवार आयोजित होने वाली यह निशुल्क ओपीडी सेवा समाज के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह सहज और नि:शुल्क उपलब्ध हो। आगे भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन नियमित रूप से किया जाता रहेगा।
अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। अस्पताल प्रबंधन बच्चों के समुचित उपचार, पोषण मार्गदर्शन और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर बच्चा स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर हो। स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन से अभिभावकों में संतोष का माहौल देखा गया तथा उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना की।
