बिरहोर टोला पगार में लगाया गया मेगा हेल्थ कैंप, सभी बिरहोर परिवारों का किया गया स्वास्थ्य जांच


केरेडारी:! पगार गांव स्थित बिरहोर टोला में निवास कर रहे 117 बिरहोर के स्वास्थ्य की जांच के लिए  मेगा स्वास्थ जांच शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित शिविर में एनटीपीसी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरेडारी की चिकित्सक टीम द्वारा एक एक बिरहोर का ब्लड सैंपल लिया गया और एक्स रे भी किया गया। इस दौरान उनको मेडिसिन के साथ अंडा और गुड भी दिया गया। विदित हो कि पगार बिरहोर टोला के नजदीक चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना संचालित है। जिसके कारण उनके स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़े इसके मद्देनजर उपायुक्त हजारीबाग द्वारा संवेदनशीलता के साथ बिरहोर के लिए लगातार स्वास्थ्य की जांच और बेहतर इलाज, बेहतर भोजन एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश एन टी पी सी और प्रखंड प्रशासन को दिया जाता रहा है।

अंचल अधिकारी ने इन बिरहोर परिवारों को अन्यत्र बसाने के लिए भी इनके साथ लगातार बातचीत करते आ रहे हैं। इसके लिए जमीन भी चिह्नित कर लिया गया है लेकिन पगार के बिरहोर अन्यत्र जाने के लिए अभी तक तैयार नहीं हुए हैं और जब तक वे लोग वहां से अन्यत्र नहीं चले जाते हैं तब तक इनका स्वास्थ्य, भोजन, पानी, आवास आदि की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है और उसको उपलब्ध कराया जा रहा है

मंगलवार को आयोजित शिविर में अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल, मुखिया झरी लाल महतो, पंचायत सचिव शिव कुमार, डॉक्टर विनय कुमार, शिक्षक अजय कुमार दुबे, महेंद्र रजक सहित स्वास्थ्य जांच टीम और सभी बिरहोर उपस्थित थे।