उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा कूप संवर्धन योजना, डोभा निर्माण, आंगनबाड़ी योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, बागवानी योजना, पोटो हो खेल विकास योजना, पीडी जेनरेशन, जियो-टैगिंग, पीएम जनमन योजना, पंचायती राज, एबीपीएस, जेएसएलपीएस अंतर्गत क्रेडिट लिंकेज, मुद्रा लोन, लाइवस्टॉक, प्रोड्यूसर ग्रुप, डीडीयू-जीकेवाई, पीएमएफएमई सहित अन्य योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पुरानी एवं ऑनगोइंग योजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने एफटीओ जेनरेशन, पीडी जेनरेशन, 100 दिवसीय कार्य तथा एक्सपेंडिचर से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने एवं नियमित निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने एफटीओ जेनरेशन के संबंध में राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित पुराने आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा पूर्ण योजनाओं की जियो-टैगिंग का कार्य सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया। बैठक में सभी बीडीओ को एक्सपेंडिचर संबंधी कार्यों की मॉनिटरिंग करने और शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया।
बैठक में पीएम आवास, पीएम जनमन योजना, अबुआ आवास योजना एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना की भी समीक्षा करते हुए इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। जिला पंचायती राज विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के सुचारू संचालन, ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग से संबंधित कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने, पंचायत भवनों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यय से संबंधित कार्यों को पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया।
उप विकास आयुक्त द्वारा जेएसएलपीएस अंतर्गत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने एसएचजी गठन, एसएचजी क्रेडिट लिंकेज, मुद्रा लोन, आजीविका एवं लाइवस्टॉक से संबंधित गतिविधियों में प्रगति बढ़ाने तथा नियमित रूप से डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पीडी जेनरेशन में प्रगति लाने, मैटेरियल इश्यू से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन एवं पंचायती राज अंतर्गत सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त के अतिरिक्त सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, डीपीएम, बीपीएम, विभिन्न योजनाओं के समन्वयक एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
