हजारीबाग – झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत आज हजारीबाग में लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। मनीष जायसवाल के पूज्य पिता एवं हजारीबाग के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल ने अपनी शारीरिक अस्वस्थता के बावजूद मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
87 वर्षीय ब्रजकिशोर जायसवाल वार्ड संख्या 28 स्थित उर्दू स्कूल, काजी मुहल्ला के बूथ केंद्र पर व्हीलचेयर के सहारे पहुंचे और मतदान किया। इस उम्र में भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति उनका समर्पण और जागरूकता वहां मौजूद मतदाताओं के लिए प्रेरणा का विषय बन गया।
मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके इस जज्बे की सराहना की। चुनाव कर्मियों ने भी उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया। ब्रजकिशोर जायसवाल का यह कदम यह संदेश देता है कि लोकतंत्र में हर एक वोट की अहमियत है और हर नागरिक को अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
उनकी यह पहल खासकर युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
