हजारीबाग। दिनांक 12.02.2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चौपारण थाना अंतर्गत दैहर पंचायत के मॉर्निया एवं बर्दाग के जंगल में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न इलाकों में करीब 4 एकड़ क्षेत्र में अवैध रूप से की गई अफीम की खेती को चिन्हित करते हुए मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि मॉर्निया के जंगल में की गई खेती के मुख्य तस्कर को चौपारण पुलिस द्वारा दिनांक 11.02.2026 को गिरफ्तार किया गया था। कड़ाई से पूछताछ के क्रम में मॉर्निया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अफीम की खेती का सटीक लोकेशन प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर इतने बड़े क्षेत्र में विनष्टीकरण की कार्रवाई संभव हो सकी। इसे चौपारण पुलिस हजारीबाग की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
घटनास्थल से 10 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पता का सत्यापन किया जा रहा है और दोषियों की पहचान के उपरांत उनके विरुद्ध कांड दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है। संयुक्त अभियान में श्री अजित कुमार बिमल, SDPO बरही, सरोज सिंह चौधरी, थाना प्रभारी चौपारण, SI दिव्य प्रकाश, ASI बादल महतो, ASI कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवान तथा बनपाल सरवन कुमार एवं संटू कुमार शामिल थे। उल्लेखनीय है कि दुर्गम इलाकों की पहचान ड्रोन के माध्यम से की जा रही है, जिससे अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
