उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को समाहरणालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पुनः रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की इस मानवीय पहल को अधिकारियों एवं कर्मियों का व्यापक समर्थन मिला तथा उन्होंने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया।
शनिवार को आयोजित शिविर में 8 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इससे पूर्व आयोजित शिविर में 28 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया था। इस प्रकार दोनों शिविरों को मिलाकर अब तक कुल 36 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है। यह संग्रहित रक्त गंभीर रूप से बीमार एवं आपातकालीन स्थिति में उपचाररत मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उपायुक्त ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान केवल सेवा नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा इस मानवीय अभियान से निरंतर जुड़े रहने की अपील की।
उपविकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह के देखरेख में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त ने कहा कि भविष्य में भी समाहरणालय परिसर सहित अन्य सरकारी संस्थानों में नियमित अंतराल पर रक्तदान शिविर आयोजित की जाएगी ताकि जिले में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर का सुव्यवस्थित एवं सफल संचालन किया गया। जिला प्रशासन ने इस जनहितकारी पहल को आगे भी सतत रूप से जारी रखने का संकल्प दोहराया।
