हजारीबाग में 27 फरवरी को रंगीलो फागुन एकादशी महोत्सव, भजन संध्या में गूंजेगा श्याम नाम


हजारीबाग - फाल्गुन एकादशी प्रभु श्री श्याम के भक्तों के लिए अत्यंत पावन और विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। मान्यता है कि इस दिन बाबा श्याम का पूजन, कीर्तन और स्मरण करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा भक्तों के जीवन में सुख-समृद्धि और शांति का संचार होता है। फागुन माह में बाबा का दरबार रंग, उत्साह और भक्ति से सराबोर हो उठता है। श्याम भक्त इस दिन विशेष रूप से भजन-कीर्तन, सजावट और सेवा के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।

इसी पावन अवसर पर श्याम सेवा मंडल के तत्वाधान में 27 फरवरी को हजारीबाग के मालवीय मार्ग स्थित नवनिर्मित श्याम मंदिर प्रांगण में रंगीलो फागुन एकादशी महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों एवं रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण श्याममय और भक्तिमय हो उठेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत संध्या 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। इस अवसर पर  सुप्रसिद्ध भजन गायक वीरेंद्र गर्ग उर्फ बिट्टू बिहारी अपनी सुमधुर एवं ओजपूर्ण वाणी से बाबा श्याम के भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले भजन श्रद्धालुओं को भक्ति भाव में सराबोर कर देंगे और पूरा प्रांगण हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयघोष से गूंज उठेगा।

भजन संध्या के उपरांत बाबा के प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि उपस्थित श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें। आयोजन समिति ने समस्त श्याम भक्तों, मातृशक्ति एवं युवा वर्ग से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और फाल्गुन एकादशी के इस पावन पर्व को भव्य एवं सफल बनाने का आग्रह किया है।