हजारीबाग में आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल में बच्चों के लिए नि:शुल्क ओपीडी, 25 से अधिक बच्चों की हुई जांच


हजारीबाग।
शहर के प्रसिद्ध आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल में शनिवार को बच्चों के लिए नि:शुल्क ओपीडी सेवा प्रदान की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

नि:शुल्क ओपीडी के दौरान शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुरभि कुमारी ने 25 से अधिक बच्चों की जांच की। बच्चों का वजन, लंबाई, पोषण स्तर तथा सामान्य शारीरिक परीक्षण किया गया। फरवरी में बदलते मौसम को देखते हुए सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण एवं एलर्जी से बचाव के संबंध में अभिभावकों को विशेष सलाह दी गई।

डॉक्टर सुरभि कुमारी ने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को सुबह और शाम की ठंडी हवाओं से बचाएं, हल्के लेकिन गर्म कपड़े पहनाएं, संतुलित आहार दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच बच्चों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अस्पताल के संस्थापक हर्ष अजमेरा ने कहा कि आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल लगातार सामाजिक सरोकारों के तहत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। हमारा प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा सहज और सुलभ रूप में मिले। प्रत्येक शनिवार को नि:शुल्क ओपीडी का आयोजन इसी संकल्प का हिस्सा है।

अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ बनाना है। बच्चों का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि अब प्रत्येक शनिवार को अस्पताल में बच्चों के लिए नि:शुल्क ओपीडी सेवा नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी, ताकि जरूरतमंद परिवार अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।