24 फरवरी को निकलेगी भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा, तैयारियां अंतिम चरण में


हजारीबाग - श्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा 24 फरवरी को आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में शनिवार देर शाम आयोजन समिति की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की शुरुआत प्रभु श्री श्याम के जयकारों के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बैठक में शोभायात्रा की शुरुआत से लेकर समापन तक की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। यात्रा मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निर्णय लिया गया कि प्रभु श्री श्याम भव्य एवं आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ पर विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण, हनुमान एवं लंगूर का स्वरूप धारण किए कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। ढोल-नगाड़ों एवं भक्ति संगीत के साथ महिलाएं एवं पुरुष श्रद्धालु हाथों में बाबा का पावन निशान लेकर श्रद्धा और उल्लास के साथ यात्रा में सम्मिलित होंगे। यह भव्य शोभायात्रा प्रातः 9:00 बजे प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत प्रारंभ होगी। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन मंडली ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से संपन्न होगा। विशेष हर्ष का विषय यह है कि इस बार यात्रा प्रभु श्री श्याम के नवनिर्मित मंदिर से निकाली जा रही है, जिससे श्याम भक्तों में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है।

श्याम भक्त परिवार हजारीबाग ने समस्त नगरवासियों एवं श्याम प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा को सफल बनाएं तथा धर्म लाभ प्राप्त करें।