नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 : व्यय अनुवीक्षण दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में व्यय अनुवीक्षण दलों के लिए दूसरे चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यय अनुवीक्षण से जुड़े वीडियो निगरानी दल, स्थैतिक निगरानी दल, उड़नदस्ता दल, वीडियो अवलोकन दल एवं लेखा दल को शामिल किया गया। कार्यक्रम के दौरान नोडल पदाधिकारी द्वारा सभी दलों के दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि वीडियो निगरानी दल द्वारा अभ्यर्थियों के कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी कर सीडी एवं संबंधित प्रतिवेदन उसी दिन कोषांग को उपलब्ध कराया जाएगा। उड़नदस्ता दल अपने आवंटित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे तथा किसी भी संदेहास्पद गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल स्थल पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नकदी, शराब वितरण एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

स्थैतिक निगरानी दल के लिए नगरपालिका क्षेत्र में कुल 07 चेकपोस्ट चिन्हित किए गए हैं, जो वर्तमान में क्रियाशील हैं। इन चेकपोस्टों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। दलों द्वारा अवैध शराब, हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों की आवाजाही पर नियंत्रण हेतु सघन जांच की जाएगी।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के रिपोर्टिंग प्रपत्रों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोषांग के अजय प्रसाद, रियाजउद्दीन खान, रंजीत सिंह, रवि वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।