हजारीबाग : नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर शहर का सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। वार्ड नंबर 8 से पार्षद पद की प्रत्याशी अर्चना गुप्ता ने सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर अपना विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट सार्वजनिक किया। इस दौरान समाजसेवी एवं पूर्व सैन्यकर्मी कुमुद गुप्ता भी मौजूद रहे।
प्रेस वार्ता में अर्चना गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि वार्ड नंबर 8 को शहर का “आदर्श वार्ड” बनाना है। उन्होंने “नया चेहरा, नई सोच और नई ऊर्जा” के नारे के साथ विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।
मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता
अर्चना गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पेयजल, बिजली, सड़क और स्वच्छता उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वार्ड के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
‘हर घर जल योजना’ के तहत कोनार डैम से जुड़ी पाइपलाइन व्यवस्था को दुरुस्त कर हर घर तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही जर्जर बिजली तारों को बदलवाने, नियमित सफाई व्यवस्था और जल निकासी के लिए पक्की नालियों के निर्माण का भरोसा दिलाया।
गरीब और मध्यम वर्ग को राहत का वादा
घोषणापत्र में कोरा और मटवारी क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा प्रमुख रूप से शामिल है। अर्चना गुप्ता ने कहा कि इन भवनों में गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों के विवाह के लिए निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें आर्थिक बोझ से राहत मिल सके।
इसके अतिरिक्त वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई गई।
क्षेत्रवार विकास की योजना
मटवारी-कुम्हार टोली इलाके में छठ तालाब के सौंदर्यीकरण और श्मशान घाट के विस्तार का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं कोरा क्षेत्र में जबरा डैम के गहरीकरण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
अर्चना गुप्ता ने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और आम जनता की सीधी भागीदारी को अपनी कार्यशैली का आधार बताया।
23 फरवरी को मतदान
वार्ड नंबर 8 से अर्चना गुप्ता का चुनाव चिन्ह “बेबी वॉकर” है और वे मतपत्र में क्रम संख्या 2 पर हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि 23 फरवरी 2026 को अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर वार्ड के विकास के लिए सकारात्मक निर्णय लें।
चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, लेकिन वार्ड नंबर 8 में इस बार विकास और जनसेवा का मुद्दा केंद्र में नजर आ रहा है।
