हजारीबाग नगर निगम चुनाव : वार्ड 17 में गुंजन मद्धेशिया ने किया चुनावी कार्यालय का उद्घाटन


हजारीबाग।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 अंतर्गत मालवीय मार्ग स्थित भवानी प्लाजा के समीप शुक्रवार को वार्ड प्रत्याशी गुंजन उर्फ गुंजन मद्धेशिया ने अपने चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर वार्ड के सम्मानित नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण और गरिमामयी बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना से हुई। गुंजन मद्धेशिया ने भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक पूजा संपन्न की और वार्ड संख्या 17 सहित समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, उन्नति एवं समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत नारियल फोड़कर तथा वार्ड के सम्मानित सदस्यों द्वारा फीता काटकर चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गुंजन मद्धेशिया ने कहा कि उनका लक्ष्य वार्ड संख्या 17 को एक आदर्श, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वार्ड के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा, “जनसहभागिता, पारदर्शिता और निरंतर संवाद ही मेरी कार्यशैली की आधारशिला होगी। वार्ड के प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता है। आप सभी का विश्वास और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”

गुंजन मद्धेशिया ने बताया कि उन्होंने M.Com की शिक्षा प्राप्त की है तथा पिछले 5 वर्षों से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों का आशीर्वाद मिला तो आने वाले 5 वर्षों में वार्ड संख्या 17 को विकास की नई दिशा और नई पहचान देने का कार्य करेंगे।

समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में प्रत्याशी ने उपस्थित सभी नागरिकों, समर्थकों एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।