हजारीबाग पुलिस ने वाहन चोरी के एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है । यह गिरोह मुख्य रूप से स्कोर्पियो गाड़ियों की चोरी कर उन्हें बिहार में शराब माफियाओं को बेचता था, ताकि उनका उपयोग अवैध शराब की तस्करी के लिए किया जा सके । पुलिस ने गिरोह के पास से चोरी की एक सफेद स्कोर्पियो और 05 मोबाइल फोन बरामद किए हैं ।
पुलिस को देख बैरियर तोड़ भागे अपराधी घटना 12 फरवरी 2026 की देर रात की है । लोहसिंघना थाना प्रभारी ने पेलावल पेट्रोलिंग पार्टी को सूचना दी कि बिहार नंबर की एक सफेद स्कोर्पियो पुलिस गश्ती को देखकर इंद्रपुरी चौक का बैरियर तोड़ते हुए पेलावल की ओर भाग रही है । सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया । पुलिस ने पेलावल गदोखर मोड़ के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी की और भाग रहे वाहन को सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया ।
शराब माफियाओं से कनेक्शन और देशभर में फैला नेटवर्क वाहन में सवार व्यक्तियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं । गिरोह का मुख्य काम हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों से चार पहिया वाहनों, विशेषकर स्कोर्पियो की रेकी करना और चोरी करना था । इन वाहनों को बिहार ले जाकर अवैध शराब की तस्करी करने वाले शराब माफियाओं को बेच दिया जाता था । अभियुक्तों ने हजारीबाग के कटकमदाग, मुफस्सिल, लोहसिंघना, चरही और रामगढ़ सहित अन्य थाना क्षेत्रों से करीब 10 गाड़ियां चोरी करने की बात कबूल की है ।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
अशरफ अली (उर्फ पप्पू खान/गुरुजी/यशरब अली): निवासी रोहतास, बिहार (चालक) । विवेक कुमार: निवासी औरंगाबाद, बिहार । विकास कुमार: निवासी पलामू, झारखंड । जितेन्द्र कुमार मेहता (उर्फ छोटू): निवासी मुफस्सिल, हजारीबाग । मो. जोनी: निवासी बिहार शरीफ, बिहार । शेखराज: निवासी रोहतास, बिहार ।
इनमें से कई अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी कई मामलों में वांछित रहे हैं ।
पुलिस टीम में शामिल पदाधिकारी इस सफल अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद, पेलावल अंचल निरीक्षक शाहिद रजा, पेलावल ओ.पी. प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, कटकमसांडी थाना प्रभारी शिवम कुमार गुप्ता, दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन सहित तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे । पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है ।
