आज झारखंड के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ विधायक प्रदीप प्रसाद की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर भाजपा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, नीलकंठ सिंह मुंडा तथा गीता कोड़ा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान घाटशिला उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की विजय सुनिश्चित करने हेतु संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता समन्वय और मतदाता संपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी नेताओं ने यह स्पष्ट किया कि यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं है, बल्कि झारखंड में सुशासन, स्थिरता और विकास की दिशा में जनता के विश्वास का निर्णायक अवसर है।
इस दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि झारखंड की जनता अब भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और राजनीतिक अस्थिरता से ऊब चुकी है। जनता का मन परिवर्तन चाहता है और भाजपा के नेतृत्व में ही राज्य का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करेगा।
विधायक ने यह भी कहा कि एनडीए की सरकार ने देशभर में जनहितकारी योजनाओं और गरीब कल्याण की दिशा में जो अभूतपूर्व कार्य किए हैं, वही जनता का विश्वास अर्जित करने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को भाजपा की नीतियों और एनडीए के विजन से अवगत कराएं।
