उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा-शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार, रांची के निर्देशानुसार अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ० शशि जायसवाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मु० मंजर हुसैन द्वारा आज गांधी मैदान क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में ऑनली वेज फास्टफूड, राजू साउथ इंडियन ढोसा, लक्की फास्टफूड, क्वालिटी एग ट्रेडर्स, अवधेश जनरल स्टोर, सोना एग ट्रेडर्स एवं मिक्स जनरल स्टोर शामिल रहे। सभी खाद्य कारोबारियों को एफ.एस.एस.ए.आई. लाइसेंस न रहने के कारण नोटिस निर्गत किया गया। साथ ही दो प्रतिष्ठानों से सर्वेलांस सैंपल संग्रहित किए गए।
खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करें तथा उपयोग किए जाने वाले बर्तनों, सफाई हेतु कपड़ों, ठेला-खोमचा और पूरे परिसर की सफाई पर विशेष ध्यान दें। इसके अतिरिक्त औद्योगिक रंगों का प्रयोग खाद्य निर्माण में नहीं करने का सख्त निर्देश दिया गया।
इस निरीक्षण अभियान में फूड एंड सेनेटरी इंस्पेक्टर श्री उमेश कुमार (नगर निगम, हजारीबाग) के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से श्री विकास शर्मा, श्री सुरज कुमार, शशि भूषण मुंडा एवं चालक धनेश्वर कुशवाह भी शामिल थे।