झारखंड के प्रसिद्ध दूधमटिया वन महोत्सव की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 7 अक्टूबर, सोमवार को टाटीझरिया के दूधमटिया में आयोजित होने वाले वन महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्वी वन प्रमंडल हजारीबाग के डीएफओ श्री विकास कुमार उज्जवल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वन महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। कार्यक्रम के एक दिन पूर्व यानी 6 अक्टूबर को *"पर्यावरण जागरूकता साइकिल यात्रा"* रैली का आयोजन किया जाएगा, जो कनहरी से (दुधमटीया) टाटीझरिया तक निकाली जाएगी। इस रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा अधिक से अधिक लोगों को वन महोत्सव से जोड़ना है।
साइकिल यात्रा के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने, आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल, मेडिकल टीम, 108 एम्बुलेंस, अस्थायी शौचालय, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
यह वन महोत्सव 1995 से निरंतर जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का प्रण लेते हैं। दूधमटिया पहुंचने पर वन्य प्राणी सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा पर्यावरण प्रहरियों का स्वागत किया जाएगा।
उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। इसका व्यापक प्रचार प्रसार कर जनजागरुकता फैलाने की आवश्यकता है। पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का यह अनोखा संगम आने वाली पीढ़ियों को भी प्रकृति के महत्व से जोड़ने का कार्य करेगा।