हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने झारखंड में प्रस्तावित रिम्स-2 को हजारीबाग में स्थापित करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मंगलवार को एक पत्र लिखा है। सांसद मनीष जायसवाल ने इस पत्र में तर्क दिया है कि रांची की तुलना में हजारीबाग इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अधिक उपयुक्त स्थान है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि रिम्स-2 की स्थापना हजारीबाग में होने से उत्तर-पूर्वी झारखंड की आधी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी ।
सांसद मनीष जायसवाल ने अपने पत्र में बताया है कि वर्तमान में रांची स्थित रिम्स पर अत्यधिक मरीजों का भार है, जिसका एक बड़ा कारण हजारीबाग और इसके आसपास के सुदूरवर्ती जिले और प्रमंडलों से आने वाले मरीज हैं। उन्होंने कहा कि हजारीबाग न केवल उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का मुख्यालय है, बल्कि इसकी भौगोलिक स्थिति भी इसे एक केंद्र बनाती है। यह कोडरमा, चतरा, रामगढ़, बोकारो और गिरिडीह जैसे जिलों से सीधे जुड़ा हुआ है। इसके अलावा बिहार की सीमा से सटे होने के कारण पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी यहाँ से चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकती हैं।
सांसद मनीष जायसवाल ने रिम्स-2 को हजारीबाग में स्थापित करने के लिए कई ठोस कारण बताए हैं। जिसमें उन्होंने कहा कि हजारीबाग जिला मुख्यालय से राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-2 और एनएच-33 सहित कई महत्वपूर्ण सड़कें गुजरती हैं, जिससे यहाँ की कनेक्टिविटी बेहतरीन है। यह पलामू प्रमंडल के मरीजों के लिए भी सुविधाजनक होगा। हजारीबाग में पर्याप्त मात्रा में सरकारी भूमि (जीएम लैंड) उपलब्ध है, जिससे इस परियोजना को तेजी से और बिना किसी विवाद के पूरा किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि रांची में भूमि विवादों के कारण परियोजनाओं में अक्सर देरी होती है। हजारीबाग में रिम्स-2 की स्थापना से रांची स्थित रिम्स पर मरीजों का दबाव कम होगा और मरीजों को लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग में रिम्स-2 की स्थापना से पूरे उत्तर-पूर्वी झारखंड के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह कदम झारखंड की लगभग आधी आबादी के स्वास्थ्य और कल्याण में एक बड़ा सुधार लाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करें।
सांसद मनीष जायसवाल ने अपने पत्र में सीएम हेमंत सोरेन को यह सुझाव भी दिया कि भविष्य में झारखंड के सभी प्रमंडलों में एक रिम्स की स्थापना होनी चाहिए, ताकि राज्य के हर कोने तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँच सकें। सांसद मनीष जायसवाल ने उम्मीद जताई कि जनभावना का कद्र करते हुए सीएम हेमंत सोरेन हजारीबाग में रिम्स-2 के स्थापना पर अवश्य विचार करेंगे ।
