हजारीबाग यूथ विंग ने बाबूलाल मरांडी को किया सम्मानित, रक्तदान शिविर में बनेगे मुख्य अतिथि।


हजारीबाग यूथ विंग के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने सर्किट हाउस में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की और उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान संस्था ने आगामी 3 मार्च को आयोजित रक्तदान शिविर में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिसे बाबूलाल मरांडी ने सहर्ष स्वीकार किया।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने संस्था के इस प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान और पुनीत कार्य है, जो जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में सहायक होता है। उन्होंने हजारीबाग की जनता से अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि हमारा छोटा सा योगदान किसी की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है।

इस अवसर पर हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हजारीबाग यूथ विंग समाज सेवा के कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 2024 में आयोजित रक्तदान शिविर में 130 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था, जो हजारीबाग में रक्तदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि रही। सांसद ने जनता से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और हमें इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

शिविर की तैयारियां जोरों पर

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने बताया कि 3 मार्च को आयोजित रक्तदान शिविर की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने संस्था द्वारा तैयार किए गए पोस्टर का अवलोकन किया और इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने संस्था को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हजारीबाग यूथ विंग जिस तरह समाज सेवा में योगदान दे रही है, वह सराहनीय है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल एवं कार्यक्रम सहसंयोजक रोहित बजाज ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज सेवा और जरूरतमंदों की मदद करना है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और अन्य सामाजिक कार्यों का आयोजन किया जाता रहा है।

हजारीबाग यूथ विंग ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 3 मार्च को अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

मौके पर उपस्थित गणमान्य लोग:

इस अवसर पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, मनोज गिरी, सचिव संजय कुमार, कोषाध्यक्ष रितेश खंडेलवाल, कार्यकारिणी सदस्य सह कार्यक्रम सहसंयोजक रोहित बजाज, विकास तिवारी, प्रमोद खंडेलवाल, अभिषेक पांडे, गुंजन मद्धेशिया, प्रिंस कसेरा, कुल्तार सिंह, सनी सिंह सलूजा एवं सिद्धार्थ कुमार उर्फ सिद्धू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।