हजारीबाग: सांसद सामूहिक विवाह समारोह के अंतर्गत रविवार को निकाली गई भव्य बारात का नगरवासियों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा हृदय से स्वागत किया गया। समाजसेवी बाबर कुरैशी ने अपने सहयोगियों संग बारातियों को फूलमालाओं और जलपान से सम्मानित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
सिमरा रेस्ट हाउस से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए सरदार चौक पहुँची इस भव्य बारात का जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पारंपरिक बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और रंग-बिरंगी झांकियों से सजी इस बारात ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
सांसद मनीष जायसवाल का भव्य सम्मान सरदार चौक पर समाजसेवी बाबर कुरैशी ने सांसद मनीष जायसवाल को विशेष मंच पर आमंत्रित कर 51 किलो की विशाल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। जवाब में सांसद जायसवाल ने भी बाबर कुरैशी और उनकी टीम को मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया।
बाबर कुरैशी ने न केवल स्वागत समारोह की अगुवाई की, बल्कि मिनरल वाटर और शरबत वितरित कर सेवा कार्य किया। साथ ही, सभी दूल्हों के परिजनों को फूलों की मालाएँ पहनाकर सम्मानित किया।
सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, नगर के गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रही। बारात में शामिल लोगों ने इसे सामाजिक समरसता और परस्पर भाईचारे का प्रतीक बताया।
सांसद मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा, "यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग और परोपकार का संदेश देता है। सामूहिक विवाह से समाज में समानता की भावना बढ़ती है और जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिलती है।"
सांस्कृतिक झांकियों ने मोहा मन बारात के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक झांकियाँ निकाली गईं, जिनमें पारंपरिक लोक नृत्य, झूमर और नागपुरी गीतों पर शानदार प्रस्तुतियाँ दी गईं। ढोल-नगाड़ों की गूँज और सजीव झांकियों ने समा बाँध दिया।
नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। समाजसेवी बाबर कुरैशी ने कहा, "सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सकारात्मक बदलाव लाते हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिलती है और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के उन्मूलन में मदद मिलती है।"
