हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर हजारीबाग की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था तरंग ग्रुप ने एक अनूठी पहल की है। संस्था ने झारखंड की अंतरराष्ट्रीय पहचान बन चुकी पारंपरिक सोहराय लोककला को छठ पूजा की भक्ति के साथ जोड़कर एक विशेष शुभकामना ग्रीटिंग कार्ड तैयार किया है। इसका उद्देश्य त्योहार की बधाई के साथ झारखंड की समृद्ध लोक कला और संस्कृति को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
तरंग ग्रुप की युवा सोहराय कलाकार शिवांगी ने इस आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड को तैयार किया है। इसमें गेरू, पीला, काला और दूधी मिट्टी जैसे पारंपरिक रंगों का इस्तेमाल किया गया है। कार्ड में दीपक, हिरण, पक्षी, तितलियां और प्रकृति के प्रतीकों के साथ सूर्य देव को अर्घ्य देती व्रती महिला, सूप में सजे फल और ठेकुआ, ईख तथा पानी में तैरती मछलियों को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
इस ग्रीटिंग कार्ड की खास बात यह है कि इसमें लोगों के लिए अपनी तस्वीर लगाने और शुभकामना संदेश लिखने की जगह भी रखी गई है। इसके माध्यम से लोग डिजिटल रूप में अपने परिजनों और मित्रों को छठ पूजा की बधाई दे सकेंगे।
गौरतलब है कि तरंग ग्रुप लंबे समय से सोहराय कला को आधुनिक माध्यमों से जोड़कर लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रहा है। संस्था ने इस कला को आधुनिक परिधानों, फैशन शो और बॉडी पेंटिंग के माध्यम से भी प्रस्तुत किया है। इसके अलावा सोहराय उत्सव और झार उत्सव जैसे कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और कला प्रेमियों को निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया गया है।
संस्था के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि तरंग ग्रुप का प्रयास है कि सोहराय कला केवल दीवारों और संग्रहालयों तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के दैनिक जीवन और त्योहारों का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी ऐसे नए प्रयोग करती रहेगी, ताकि झारखंड की गौरवशाली लोक संस्कृति को डिजिटल और आधुनिक माध्यमों से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
