शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में लेबर ओटी बंद रहने का मामला, सांसद मीडिया प्रतिनिधि ने डीसी से की शिकायत


हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लेबर ओटी बंद रहने की सूचना से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अधीक्षक पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर पूर्व में प्रयास कर लेबर रूम चालू कराया गया था, लेकिन अब महिला चिकित्सकों द्वारा लेबर ओटी बंद रखे जाने की जानकारी मिली है। ग्राम ओदरना, कटकमदाग के एक मरीज के परिजन ने उन्हें फोन कर इसकी शिकायत की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए रंजन चौधरी ने हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती से फोन पर बात कर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इस पर उपायुक्त ने लेबर ओटी जल्द चालू कराने के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

रंजन चौधरी ने कहा कि सरकारी अस्पताल में गरीब और जरूरतमंद मरीज बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देनी चाहिए।