यादव महासभा में विलय के साथ संगठन विस्तार पर जोर, बलवंत यादव का हजारीबाग में भव्य स्वागत


 हजारीबाग। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बलवंत यादव के हजारीबाग आगमन पर श्री कृष्ण बलराम सेवा संगठन की ओर से युवराज पैलेस में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शंभू यादव ने की, जबकि संचालन शैलेंद्र यादव ने किया। समारोह में यादव समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और समाज से जुड़े अधिकारों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

समारोह के दौरान श्री कृष्ण बलराम सेवा संगठन का अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा में विलय करने की घोषणा की गई। उपस्थित लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि अलग-अलग मंचों के बजाय एक मजबूत संगठन के माध्यम से समाज को एकजुट करना समय की जरूरत है।

इसी दौरान प्रदेश अध्यक्ष बलवंत यादव ने शंभू यादव को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा का हजारीबाग जिला अध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।

बलवंत यादव ने कहा कि यादव समाज को सामाजिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने आने वाली जनगणना का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के लोग अपनी जाति के कॉलम में ‘यादव’ दर्ज कराएं, ताकि समाज की संख्या और स्थिति से जुड़े आंकड़े स्पष्ट रूप से सामने आ सकें।

उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाना है। युवाओं और महिलाओं को संगठन में अधिक जिम्मेदारी देने के साथ नई पीढ़ी को सामाजिक नेतृत्व के लिए तैयार किया जाएगा। उन्होंने शंभू यादव को हजारीबाग में संगठन के विस्तार की जिम्मेदारी देते हुए जिले के प्रखंड और पंचायत स्तर तक महासभा को मजबूत करने की बात कही।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शंभू यादव ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने जिले के प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर तक संगठन को पहुंचाने की बात कही।

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के केंद्रीय उपाध्यक्ष पीतांबर दास ने कहा कि यादव समाज का इतिहास संघर्ष, त्याग, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में योगदान से जुड़ा रहा है। उन्होंने नई पीढ़ी को समाज के इतिहास और महापुरुषों के विचारों से जोड़ने तथा शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई।

महासभा की महासचिव अनीता यादव ने महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यादव समाज की बेटियां शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने महिलाओं को संगठन की गतिविधियों में अधिक जिम्मेदारी और भागीदारी देने की बात कही।

राजकुमार यादव ने समाज की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और वर्तमान चुनौतियों के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। विकास यादव ने युवाओं को शिक्षा, तकनीक, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करने की बात कही।

टुन्नू गोप ने आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई। शंभुलाल यादव ने कहा कि समाज की एकता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। बासुदेव गोप ने संगठन को गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत करने की बात कही।

कुणाल यादव ने युवाओं को शिक्षा, आधुनिक तकनीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। रंजन यादव ने सामाजिक हित में व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में जीतू यादव, बबलू यादव, तिलक यादव, रवि यादव, पवन यादव, राजेश यादव, अशोक यादव, राजू यादव, राजदेव यादव, विनोद यादव, पप्पू यादव, हरी यादव, नीरज यादव, लड्डू यादव, सुबोध यादव, सोनू यादव, संजीत यादव, दीपू गोप, विकास यादव, अरुण यादव, दिलीप यादव, प्रमोद यादव, अंकित यादव, सोहन यादव, सुनील यादव, मोहन गोप, मिथलेश यादव, अमित यादव, संदीप यादव, रौशन यादव, दीपक गोप, बादल यादव, सागर यादव, उद्धव यादव, सरयु गोप समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।