हजारीबाग: दुर्गा पूजा के अवसर पर अवैध शराब की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर दारू थाना क्षेत्र के ग्राम जोंहिया में छापेमारी कर पुलिस ने 60 पेटी में रखी 720 बोतल व्हिस्की और सिग्नेचर कंपनी की करीब 200 खाली बोतलें जब्त की हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध शराब की खरीद-बिक्री से संबंधित सूचना के सत्यापन के बाद की गई। जब्त शराब की बोतलों पर “FOR SALE IN GOA” लिखा हुआ था।
प्रेस विज्ञप्ति में राहुल कुमार गुप्ता, पिता स्वर्गीय समांतो साव, निवासी ग्राम जोंहिया का नाम दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान वह अपने घर पर नहीं मिला। इस मामले में दारू थाना कांड संख्या 94/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।
इस छापेमारी अभियान में दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को दुर्गा पूजा के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर की जाएगी।
