हजारीबाग में SIR और मतदाता अधिकारों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, निर्वाचन आयोग पर उठाए सवाल

 


हजारीबाग में मतदाता अधिकारों की रक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और SIR से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन किया। आंबेडकर चौक से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली, जो डीसी कार्यालय पहुंची। यहां जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन भी किया गया।

कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सर्वोच्च है। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस लंबे समय से सवाल उठाती रही है। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर उठाए गए सवालों का भी जिक्र किया।

मुन्ना सिंह ने कहा कि SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आए विवादों के बाद इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मतदाता अधिकारों से जुड़े किसी भी सवाल को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

मुन्ना सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।

प्रदर्शन में जिला प्रभारी राजीव रंजन, पूर्व मंत्री सह जिला अध्यक्ष जयप्रकाश भाई पटेल, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अरुण साहू, मनोज नारायण भगत, परवेज अहमद, रेणु देवी, बाबर अंसारी, सोनी मेहता, नवीन, रघु जायसवाल, डॉ. रवानी, विनोद कुशवाहा, निजामुद्दीन अंसारी, कृष्ण किशोर प्रसाद, मनोज पासवान, नरसिंह प्रजापति, संजय सिंह, सुनील ओझा, अजीत सिंह, बेबी देवी, रमेश महतो, विजय कुमार सिंह और दीपक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।