हजारीबाग पुलिस को आम जनता के गुम हुए मोबाइलों को ढूंढ निकालने में एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 39 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
आज पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में सभी 39 बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने हजारीबाग पुलिस का आभार जताया।
दूरसंचार विभाग के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर हजारीबाग पुलिस की तकनीकी शाखा और जिले के विभिन्न थानों ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। तकनीकी सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई के जरिए जिले के अलग-अलग इलाकों से इन 39 मोबाइलों को ट्रैक कर सकुशल बरामद किया गया।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सहित तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कई पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इस सफल अभियान पर पुलिस अधीक्षक ने तकनीकी शाखा की टीम के साथ-साथ जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। पुलिस ने आम जनता से यह भी अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी होता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना नजदीकी थाने में दें और CEIR पोर्टल पर अपना विवरण अवश्य दर्ज कराएं।
