गोला के उलादका प्राथमिक विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का हुआ शिलान्यास

 


रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय उलादका में डीएमएफटी मद से बनने वाले दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का मंगलवार को शुभ शिलान्यास किया गया। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल और रामगढ़ विधायक ममता देवी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।

इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि अतिरिक्त कक्षा-कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में आधारभूत संरचनाओं का विकास बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सांसद ने निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकताओं में शामिल है। स्कूलों में पर्याप्त संसाधन और आधारभूत सुविधाएं मिलने से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा।

वहीं, गोला प्रखंड पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने सांसद मनीष जायसवाल का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। लोगों ने स्थानीय समस्याओं और जरूरतों से जुड़े विषय सांसद के सामने रखे। सांसद ने समस्याओं को सुना और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिलाया।