बड़कागांव थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के जल्द निष्पादन और अपराध नियंत्रण पर जोर

 


हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बड़कागांव थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों, वारंट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी समेत कई बिंदुओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अधीक्षक ने थाना में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से जुड़ी संचिकाओं की समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। लंबित कांड, वारंट और कुर्की के मामलों की समीक्षा करते हुए इनके जल्द निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।

थाना क्षेत्र में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, अवैध मादक पदार्थ से जुड़े लंबित मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई तेज करने को कहा गया। नशे के खिलाफ आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

एनटीपीसी और अन्य सहयोगी कोल माइंस क्षेत्रों में, जहां खनन और परिवहन का काम होता है, लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इसका उद्देश्य लूट, चोरी, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम करना है।

इसके अलावा अवैध बालू, कोयला और अन्य प्रकार की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। क्षेत्र में शांतिपूर्ण विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संबंध बनाए रखने का भी निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधान के लिए लंबित सभी कांडों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निष्पादन तथा संगठित अपराध की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।