कटकमदाग में घर से लैपटॉप-मोबाइल चोरी का 24 घंटे में खुलासा, एक युवक गिरफ्तार

 


कटकमदाग थाना क्षेत्र में घर से लैपटॉप और दो मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी का एक HP लैपटॉप और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की रात कस्तूरीखाप, गदोखर निवासी गौरीशंकर प्रसाद मांझी के घर से अज्ञात चोर लैपटॉप और दो मोबाइल चोरी कर ले गया था। इस संबंध में 23 सितंबर को कटकमदाग थाना में कांड संख्या 179/26 दर्ज किया गया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक, मानवीय और तकनीकी सहयोग से जांच करते हुए 24 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली राजा उर्फ बिट्टू, उम्र 22 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक HP लैपटॉप, एक INFINIX स्मार्टफोन और एक OPPO स्मार्टफोन बरामद किया है। कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी, कटकमदाग थाना की टीम और तकनीकी शाखा शामिल रही।