हजारीबाग में झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी झामुमो की जिला समिति ने रविवार को जिला परिषद चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया। यह प्रदर्शन इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट के बाद उठे विवाद के विरोध में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया ने की।
प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता हीराबाग चौक स्थित जिला कार्यालय में जुटे। यहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में जिला परिषद चौक पहुंचे। वहां पुतला दहन कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बेदिया ने कहा कि हाल में सामने आई मीडिया रिपोर्टों के बाद जनता के बीच कई सवाल उठे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर लोगों का विश्वास लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी की कार्यशैली या भूमिका को लेकर गंभीर सवाल सामने आते हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों में सामने आए तथ्यों को लेकर जांच की मांग की और कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
झामुमो के केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से उच्च नैतिक मानकों की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब सामने आना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बना रहे।
केंद्रीय सदस्य सुनील कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विवाद से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य इज़हार अंसारी, यासीन खान, सोनाराम मांझी, विकास राणा, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव, सतीश दास, जिला उपाध्यक्ष मोहन सोरेन, रंजीत मेहता, नईम राही, सत्येंद्र मेहता, जिला सह सचिव लखीराम मांझी, राजदेव यादव, प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, रामकुमार मेहता, राजेश मेहता, देवानंद कुमार, कुदुस अंसारी, नवीन प्रकाश, बीरबल मेहता, आनंद मरांडी, निसार अहमद, रामकुमार राम, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनीता देवी, श्वेता दुबे, रीना देवी, साजमा खातून, खलील अंसारी, बबलू चंद्रवंशी, पिंटू कुमार, विक्रम रवि, रंजीत राम, नंदू वीर राम, गुलाब मेहता, रोहित रजक, सुशील ओझा, प्रकाश मेहता, रमेश तिवारी, रोजर नाइट, चंदन सिंह, राजेश यादव और साजन मेहता समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
